28 Jan 2026 96 Views
नागपुर/मुंबई। भारत की अग्रणी मेटल कंपनी Jayaswal Neco Industries Limited ने महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में दो मिलियन टन प्रति वर्ष (20 लाख टन) क्षमता वाला एक विश्वस्तरीय इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट स्थापित करने के लिए राज्य सरकार के साथ महत्वपूर्ण एमओयू (MOU) पर हस्ताक्षर किए हैं। कंपनी ने शनिवार को एक्सचेंज फाइलिंग के माध्यम से इस बड़े निवेश की जानकारी दी।
कंपनी के अनुसार, इस परियोजना में कुल 12,262 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। यह प्लांट न केवल राज्य की औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा, बल्कि इससे लगभग 2,600 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार भी मिलेगा।
जयसवाल निको इंडस्ट्रीज के कंपनी सेक्रेटरी आशीष श्रीवास्तव ने एमओयू की पुष्टि करते हुए बताया कि यह परियोजना देश की स्टील उत्पादन क्षमता बढ़ाने और महाराष्ट्र में औद्योगिकीकरण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार परियोजना के लिए आवश्यक अनुमतियां, पंजीकरण, मंजूरियां, क्लियरेंस और नीतिगत वित्तीय प्रोत्साहन उपलब्ध कराने में सहयोग करेगी।
इस बड़ी निवेश घोषणा के बाद कंपनी के शेयरों में गतिविधि बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि दीर्घकालिक दृष्टि से यह एमओयू कंपनी के विकास और विस्तार के लिए सकारात्मक संकेत है।
Jayaswal Neco Industries Limited भारत की प्रमुख स्टील और आयरन कास्टिंग कंपनियों में शामिल है। कंपनी स्टील उत्पाद, आयरन व स्टील कास्टिंग्स, एलॉय स्टील, स्पंज आयरन, पेलेट और पिग आयरन
का निर्माण करती है।
कंपनी के पास कैप्टिव माइनिंग और पावर जनरेशन की सुविधाएं भी हैं, जिससे यह एक पूरी तरह एकीकृत स्टील निर्माता बनती है। इसका मुख्यालय नागपुर में स्थित है। रायपुर में भी लंबे समय स्टील उत्पादन में अग्रणी उद्योग की भूूमिका निभाता रहा है और यह ऑटोमोबाइल, एप्लायंसेज तथा इंजीनियरिंग सेक्टर को उत्पाद उपलब्ध कराती है।
हाल के वर्षों में कंपनी ने स्टील मेल्ट शॉप, रोलिंग मिल और वायर रॉड मिल के विस्तार की योजनाएं भी बनाई हैं। गढ़चिरोली में प्रस्तावित यह नया स्टील प्लांट कंपनी की उसी दीर्घकालिक विकास रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारत में बढ़ती स्टील मांग को पूरा करना है।