28 Jan 2026 53 Views
कोरबा। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने कोरबा–चांपा मार्ग स्थित पताड़ी पावर प्लांट का विशेष दौरा किया। इस दौरान उन्होंने न केवल प्लांट की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया, बल्कि आने वाले वर्षों में होने वाले बड़े औद्योगिक विस्तार को लेकर अहम निर्णय भी लिए। उनके इस दौरे को कोरबा जिले के औद्योगिक विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ अडानी पावर लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी विनीत जैन, पूर्व आईएएस अमन सिंह और नरेश गोयल भी उपस्थित रहे। अपने प्रवास के दौरान गौतम अडानी ने प्लांट परिसर में स्मृति स्वरूप पौधरोपण किया। इसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम, कोल हैंडलिंग सिस्टम और निर्माणाधीन यूनिट्स का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य प्रगति की जानकारी ली और तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान गौतम अडानी प्रोटोकॉल से हटकर सीधे कर्मचारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने श्रमिकों और इंजीनियरों से संवाद कर उनके अनुभव जाने। कर्मचारियों ने बताया कि चेयरमैन की यह सादगी और अपनापन उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करता है।
अधिकारियों के साथ बैठक में तीसरे चरण के विस्तार को हरी झंडी दी गई। इस चरण में 800–800 मेगावाट की दो अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल यूनिट्स स्थापित की जाएंगी, जिन पर लगभग 15,000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।
परियोजना को लेकर 27 फरवरी को सरगबूंदिया हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में पर्यावरणीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
प्रबंधन ने जानकारी दी कि दूसरे चरण की 660 मेगावाट की इकाइयाँ अप्रैल–मई तक व्यावसायिक संचालन के लिए तैयार हो जाएंगी। इसके शुरू होने से क्षेत्र की बिजली उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
गौतम अडानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौथे चरण के तहत 800 मेगावाट की दो अतिरिक्त यूनिट्स लगाने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए। इससे कोरबा को ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में एक राष्ट्रीय स्तर का मजबूत केंद्र बनाने की दिशा में और कदम बढ़ेंगे।