28 Feb 2026 60 Views
रायपुर।छत्तीसगढ़ स्टील री-रोलर्स एसोसिएशन की 44वीं वार्षिक आमसभा गुरुवार को राजधानी में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में वर्ष 2025-26 की कार्यप्रगति, आय-व्यय विवरण तथा प्रस्तावित बजट पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में आयोजित प्रेरक कार्यशाला ने सदस्यों और उनके परिवारों को नई ऊर्जा और सकारात्मक दृष्टिकोण से भर दिया।
अध्यक्ष संजय त्रिपाठी ने स्वागत भाषण में संगठन की अब तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए स्टील उद्योग के समक्ष उपस्थित चुनौतियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बदलते आर्थिक परिवेश में एकजुटता और समन्वय ही उद्योग की मजबूती का आधार है। महासचिव बांके बिहारी अग्रवाल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि बीते वर्ष में सदस्यों के हित संरक्षण, नीतिगत संवाद और औद्योगिक समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास किए गए। कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल ने आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत कर आगामी वर्ष के प्रस्तावित बजट की जानकारी दी, जिसे सदस्यों ने चर्चा उपरांत अनुमोदित किया।
ओपन फोरम सत्र में सदस्यों ने उद्योग से जुड़ी विभिन्न समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सामने रखीं। पदाधिकारियों ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया।
शाम को आयोजित विशेष प्रेरक सत्र में ‘हिमानी हैप्पीनेस हब’ की संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय मोटिवेशनल ट्रेनर हिमानी ने लगभग तीन घंटे की प्रभावी कार्यशाला ली। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि अब तक वे 10 लाख से अधिक लोगों को प्रशिक्षित कर चुकी हैं। सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता, समय प्रबंधन और पारिवारिक संतुलन जैसे विषयों पर उनके व्यावहारिक मार्गदर्शन ने उपस्थित सदस्यों एवं उनके परिजनों को गहराई से प्रभावित किया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। आमसभा ने संगठन की एकजुटता, पारदर्शिता और भविष्य की योजनाओं को नई दिशा प्रदान की।