खनन और निर्माण तकनीक का महाकुंभ: नया रायपुर में 11–14 मार्च को ‘आईकॉनिक एक्सपो 2026

08 Mar 2026      85 Views

रायपुर। खनन एवं निर्माण क्षेत्र में उपयोग होने वाले अत्याधुनिक उपकरणों और मशीनों की भव्य प्रदर्शनी ‘आईकॉनिक एक्सपो 2026 (ICONEQ 2026)’ का आयोजन 11 से 14 मार्च तक नया रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा।

इंडियन माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन एसोसिएशन (IMCA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आईकॉनिक एक्सपो के प्रभारी अभिषेक कुमार पाण्डेय ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी खनन और निर्माण उद्योग से जुड़े प्रमुख निर्माता एवं कंपनियां अपने अत्याधुनिक उपकरणों और मशीनों का प्रदर्शन करेंगी। इस एक्सपो में जेसीबी, कैट, एजेक्स जैसे बड़ी कंपनियां शामिल है। उन्होंने बताया कि इस एक्सपो में देशभर से उद्योग से जुड़े निर्माता, डीलर और विक्रेता एक ही मंच पर अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनी में बेको लोडर, एक्सकैवेटर, रॉक ब्रेकर, वाइब्रो रीपर, लोडर, ट्रक, क्रेन, स्टोन क्रशर, रबर पार्ट्स, स्पेयर पार्ट्स तथा मशीनों के विभिन्न पार्ट्स से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। इससे उद्योग से जुड़े खरीदारों और विक्रेताओं को एक ही स्थान पर नवीनतम तकनीक और उपकरणों की जानकारी प्राप्त होगी।

अभिषेक कुमार पाण्डेय ने जानकारी दी कि आईकॉनिक एक्सपो 2026 में खरीदारों को उपकरणों और मशीनों की खरीद पर विशेष छूट भी प्रदान की जाएगी। इस बार दुर्ग जिले में निर्मित एक नए उपकरण ‘वाइब्रो रीपर’ को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जो खदानों में ब्लास्टिंग का एक नया विकल्प माना जा रहा है। एक्सपो में इस वर्ष भी आईआईटी के राष्ट्रीय स्तर के खनन विशेषज्ञ शामिल होंगे, जिनके अनुभव का लाभ उद्योग से जुड़े सभी क्रेता और विक्रेता उठा सकेंगे।

आईकॉनिक एक्सपो के जॉइंट सेक्रेट्री गगन मिश्रा ने बताया कि इस बार एमएसएमई, भारत सरकार से मान्यता मिलने के बाद एक्सपो में भाग लेने वाले एक्ज़िबिटर्स को उनकी श्रेणी के अनुसार 80 से 100 प्रतिशत तक की सब्सिडी/छूट प्रदान की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक कंपनियां इस आयोजन में भाग ले सकेंगी।

उन्होंने बताया कि इस चार दिवसीय एक्सपो में लगभग 70 स्टॉल लगाए जा रहे है। इस आयोजन को एमएसएमई भारत सरकार का अनुमोदन प्राप्त है, वहीं बीएआई, माइनिंग एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ उद्योग महासंघ तथा कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन का भी सहयोग मिल रहा है। आयोजन के इवेंट पार्टनर के रूप में रिवर्व मार्केटिंग एजेंसी कार्य कर रही है। वर्तमान स्थिति में देशभर से इवेंट विजिटर्स 1000 से अधिक ने रजिस्ट्रेशन ले लिया है जिनके आवागमन की सुविधा का ध्यान इवेंट मैनेजमेंट कंपनी द्वारा किया जा रहा है।

एक्सपो की विशेषता यह भी होगी कि जिन कंपनियों के संयंत्रों की प्रदर्शनी और विक्रय प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहेगा, उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही आयोजन से जुड़े प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधियों को ‘उद्योग रत्न’ सम्मान से भी नवाजा जाएगा। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की उपस्थिति संभावित है।