गैस संकट पर MSME उद्योग संघ सख्त, ठोस कदम उठाने का सर्वसम्मति से निर्णय

22 Mar 2026      54 Views

  • 28 मार्च को कोर कमेटी की अहम बैठक, उद्योगों की समस्याओं पर बनेगी रणनीति

दूुर्ग। एमएसएमई उद्योग संघ के कार्यालय में आज संघ की एक महत्वपूर्ण एवं गरिमामयी बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष श्री के.के. झा ने की। इस अवसर पर श्री अरविंदर सिंह खुराना, श्री विजय अग्रवाल, श्री मयूर कुकरेजा, श्री व्यास प्रसाद शुक्ल, श्री चमन लाल बंसल एवं श्री विवेकानंद झा की विशिष्ट उपस्थिति रही।

बैठक में संगठन के विविध महत्वपूर्ण विषयों तथा भावी कार्ययोजना पर विस्तृत, गंभीर एवं सारगर्भित विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से वर्तमान में उद्योगों के सामने उत्पन्न गैस संकट के ज्वलंत मुद्दे पर व्यापक चर्चा हुई। सदस्यों ने बताया कि गैस की कमी के कारण कई उद्योग एवं कारखाने गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं, जिससे उत्पादन एवं रोजगार दोनों पर विपरीत असर पड़ रहा है।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए संघ ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि समस्या के समाधान हेतु शीघ्र ही प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए जाएंगे तथा संबंधित विभागों के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कोर कमेटी की आधिकारिक बैठक 28 मार्च 2026 को सायं 4:00 बजे एमएसएमई उद्योग संघ, भिलाई कार्यालय में आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। अंत में, संघ द्वारा समस्त सदस्यगणों एवं प्रदेशवासियों को हिन्दू नववर्ष एवं गुरु पर्व के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएँ एवं मंगलकामनाएँ प्रेषित की गईं।