29 Mar 2026 46 Views
नई दिल्ली। देश की प्रमुख इस्पात कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) को जल्द ही नया चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) मिलने जा रहा है। कंपनी के वर्तमान निदेशक (फाइनेंस) डॉ. अशोक कुमार पांडा को इस प्रतिष्ठित पद के लिए चयनित किया गया है। शनिवार को सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (PESB) की बैठक में हुए इंटरव्यू के बाद उनके नाम पर मुहर लगाई गई।
CMD पद के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया में कुल 10 वरिष्ठ अधिकारियों का इंटरव्यू लिया गया। इसमें सेल के साथ-साथ अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के कई अनुभवी अधिकारी भी शामिल थे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद पीईएसबी ने डॉ. पांडा को सबसे उपयुक्त उम्मीदवार मानते हुए उनके नाम की सिफारिश की।
डॉ. पांडा वर्तमान में सेल में निदेशक (फाइनेंस) के पद पर कार्यरत हैं और वे कमर्शियल विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं। इससे पहले वे भिलाई स्टील प्लांट में कार्यपालक निदेशक (फाइनेंस एंड अकाउंट्स) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
भिलाई में उनका कार्यकाल वित्तीय प्रबंधन और रणनीतिक निर्णयों के लिए खासा प्रभावी माना जाता है।
इस महत्वपूर्ण पद के लिए जिन प्रमुख अधिकारियों का इंटरव्यू हुआ, उनमें सेल के डायरेक्टर (माइनिंग) मनीष राज गुप्ता, राउरकेला स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी आलोक वर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा रेलवे और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारी भी इस दौड़ में थे, लेकिन अंततः बाजी डॉ. पांडा ने मारी।
डॉ. अशोक कुमार पांडा को इस्पात क्षेत्र में एक कुशल और अनुभवी वित्तीय प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में जाना जाता है। कंपनी में लंबे समय तक विभिन्न जिम्मेदारियों को संभालने का अनुभव उनके चयन में निर्णायक रहा।
अब केंद्र सरकार की औपचारिक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद डॉ. पांडा जल्द ही सेल के नए CMD के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे। उनके नेतृत्व में कंपनी के प्रदर्शन और विस्तार को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।