15 Oct 2026 35 Views
कोलकाता। श्याम मेटालिक्स ग्रुप ने मंगलवार को घोषणा की कि उसने छत्तीसगढ़ के फुटामुरा कोयला ब्लॉक के लिए रणनीतिक खनन अधिकार हासिल कर लिए हैं। यह अधिकार उसने ब्लॉक के लिए सफल बोली लगाने वाली कंपनी अलोम सोलर प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से प्राप्त किए है।
रायगढ़ जिले के मांड रायगढ़ कोयला क्षेत्र में स्थित यह ब्लॉक लगभग 7.32 वर्ग किलोमीटर में फैला है और इसमें लगभग 170 मिलियन टन कोयले का अनुमानित भंडार है। कंपनी ने एक बयान में यह जानकारी दी। कंपनी के अनुसार, खनन कार्य और कोयला उत्पादन जुलाई 2027 में शुरू होने की उम्मीद है।
समूह ने कहा कि यह निवेश उसकी बैकवर्ड इंटीग्रेशन रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य बिजली उत्पादन और इस्पात निर्माण कार्यों के लिए स्थिर, दीर्घकालिक और लागत प्रभावी कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। कंपनी ने आगे कहा कि भंडार तक पहुंच से कच्चे माल की सुरक्षा मजबूत होगी, परिचालन आत्मनिर्भरता में सुधार होगा और बाहरी कोयले की आपूर्ति पर निर्भरता कम होगी। इसमें यह भी कहा गया है कि यह निवेश समूह के सतत विकास और हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन पर ध्यान केंद्रित करने को रेखांकित करता है।