03 Nov 2026 34 Views
रायपुर। (ईवी), इलेक्ट्रिक व्हीकल्स बैटरियां, एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स और क्लीन एनर्जी जैसे भविष्य के उद्योगों के लिए जब पूरी दुनिया क्रिटिकल मिनरल्स की खोज में जुटी है, तब छत्तीसगढ़ की धरती ने भारत के लिए एक नया दरवाजा खोल दिया है। महासमुंद जिले के बसना तहसील अंतर्गत भालूकोना-जमनीडीह ब्लॉक में प्राथमिक भूगर्भीय मॉडलिंग के दौरान 40 लाख टन (4 मिलियन टन) से अधिक निकल, तांबा (कॉपर) और प्लेटिनम ग्रुप एलिमेंट्स (पीजीई) के समृद्ध भंडार का संकेत मिला है। यह अनुमानित खनिज भंडार लगभग 0.24% निकल इक्विवेलेंट ग्रेड का है।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि 40 लाख टन का यह विशाल आंकड़ा पूरे क्षेत्र का नहीं, बल्कि चिह्नित 1.3 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के महज 25 फीसदी (लगभग 300 से 350 मीटर) हिस्से की प्रारंभिक जांच से सामने आया है। यानी अभी 75 फीसदी हिस्से की विस्तृत पड़ताल बाकी है, जिससे भविष्य में इस भंडार के कई गुना बढ़ने की प्रबल संभावना है। डेक्कन गोल्ड माइंस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. हनुमा प्रसाद मोदाली ने बताया कि भालूकोना भारत के घरेलू मिनरल पोटेंशियल को अनलॉक करने की दिशा में मील का पत्थर है। यह प्रारंभिक मॉडल सिर्फ एक हिस्से को दर्शाता है, हमारा लक्ष्य वैश्विक मानकों के साथ इसे देश की सप्लाई चेन से जोड़ना है।
2,773 मीटर गहराई तक 15 बोरहोल का निष्कर्षः मार्च 2026 से कंपनी ने कोर-डायमंड ड्रिलिंग शुरू की, जिसके तहत 2773 मीटर म गहराई तक 15 बोरहोल किए गए। इसी ड्रिलिंग डेटा के विश्लेषण से पुष्टि हुई कि जमीन के भीतर 100 मीटर से अधिक चौड़ा, 1.3 किमी लंबा और 200 मीटर से अधिक गहराई तक फैला हुआ एक लेयर्ड मैफिक अल्ट्रामैफिक फॉर्मेशन मौजूद है।
तकनीकी आकलन के बाद तय होगी इकोनॉमिक वैल्यूः कंपनी प्रबंधन के अनुसार, यह अनुमान एक्सप्लोरेशन-स्टेज की प्रारंभिक मॉडलिंग पर आधारित है। इसे अंतिम 'मिनरल रिजर्व' साबित करने के लिए अगले चरण की ड्रिलिंग, निरंतरता की जांच और तकनीकी-आर्थिक मूल्यांकन किया जाएगा। हालांकि, शुरुआती नतीजे यह साफ संकेत दे रहे हैं कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश की 'ग्रीन इकोनॉमी' का पावरहाउस बनने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ चुका है।
30 किमी का दायरा हाईटेक सर्विलांस से खुला जमीन का रहस्य
छत्तीसगढ़ सरकार ने 1 अप्रैल 2025 को देश की एकमात्र लिस्टेड गोल्ड व क्रिटिकल मिनरल्स कंपनी, डेक्कन गोल्ड माइंस लिमिटेड (डीजीएमएल) को इस ब्लॉक का कंपोजिट लाइसेंस सौंपा था। पिछले 19 महीनों के दौरान कंपनी ने बसना तहसील के लगभग 30 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में पारंपरिक तरीकों के बजाय अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल -किया। इसमें ड्रोन मैग्नेटिक एवं लाइट डिटेक्शन एंड रेंजिंग सर्वे, डीप इंड्यूस्ड पोलराइजेशन (आईपी) और इलेक्ट्रिकल रेसिस्टिविटी टोमोग्राफी और रॉक-चिप, चैनल सैंपलिंग और बड़े पैमाने पर बल्क सैंपलिंग शामिल है।
सोना ही नहीं, भविष्य की धातुएं हैं यहां
अब तक छत्तीसगढ़ को कोयला, लोहा, बॉक्साइट और टिन के लिए जाना जाता था, लेकिन भालूकोना की यह खोज राज्य को ग्लोबल सप्लाई चेन के केंद्र में ला सकती है।
क्रिटिकल मिनरल्सः इसमें मुख्य रूप से निकेल (पेंटलैंडाइट), कॉपर (चालकोपीराइट) और प्लेटिनम । ग्रुप के पैलेडियम जैसे दुर्लभ तत्वों का सल्फाइड मिनरलाइजेशन मिला है।
आयात पर निर्भरता घटेगीः भारत जरूरत का अधिकांश निकल और प्लेटिनम ग्रुप धातुएं आयात करता है। घरेलू स्तर पर ऐसे भंडार मिलने से देश की रणनीतिक संसाधन सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
ड्रोन सर्वे में नए संकेतः ड्रोन मैग्नेटिक और आईपी सर्वे से संकेत मिले हैं कि इस कॉरिडोर के समानांतर खनिज की और भी परतें मौजूद हैं, जिनका आकलन आगामी एक्सप्लोरेशन में किया जाएगा।